वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। रेलवे प्रशासन द्वारा गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए दिल्ली से सीतामढ़ी के बीच वाया गोरखपुर ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक आरक्षित विशेष ट्रेन (04010/04009) चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन 16 अप्रैल से 09 जुलाई 2026 तक दिल्ली से प्रत्येक बृहस्पतिवार तथा 18 अप्रैल से 11 जुलाई 2026 तक सीतामढ़ी से प्रत्येक शनिवार को कुल 13 फेरों के लिए संचालित की जाएगी।
04010 दिल्ली-सीतामढ़ी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन प्रत्येक बृहस्पतिवार को दिल्ली से रात 23:05 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा होते हुए दूसरे दिन 14:10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल और बैरगनिया होते हुए रात 23:30 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी।
वापसी में 04009 सीतामढ़ी-दिल्ली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन प्रत्येक शनिवार को सीतामढ़ी से 01:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन बैरगनिया, रक्सौल, नरकटियागंज, बगहा होते हुए सुबह 09:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, हापुड़ और गाजियाबाद होते हुए रात 23:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
इस विशेष ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एलएसएलआरडी का 01, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 04, शयनयान श्रेणी के 06, वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी के 04, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 02, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के 02, वातानुकूलित प्रथम श्रेणी का 01 तथा जनरेटर सह लगेज यान का 01 कोच शामिल होगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से इस विशेष ट्रेन का लाभ उठाने की अपील की है।
.jpg)
No comments:
Post a Comment