वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। थाना नगर पुलिस, एसओजी टीम एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
थाना नगर पर पंजीकृत मु0अ0सं0 51/2026 धारा 316(2), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस से संबंधित मामले में वांछित अभियुक्त जहांगीर अंसारी पुत्र निजाम अंसारी निवासी मोहल्ला अंसारी टोला वार्ड नं. 31 नगर पालिका बगहा, थाना बगहा, जनपद पश्चिम चम्पारन (बिहार) तथा प्रकाश में आए अभियुक्त आजाद अंसारी पुत्र नईम अंसारी निवासी अंसारी टोला वार्ड नं. 30 नगर पालिका बगहा, थाना बगहा, जनपद पश्चिम चम्पारन (बिहार) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को 06 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 08:30 बजे अक्सड़ा चौराहे से 100 मीटर पहले से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनके पास से 9 पासपोर्ट, 10 वीजा की छायाप्रति तथा 5000 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे घनी बस्ती में किराये का कमरा लेकर फर्जी कार्यालय बनाते थे और विदेश भेजने के नाम पर पम्पलेट छपवाकर क्षेत्र में बांटते थे। इसके माध्यम से लोगों को झांसे में लेकर प्रति व्यक्ति करीब 1.5 लाख रुपये वसूलते थे।
जब 8 से 10 लोगों का समूह तैयार हो जाता था, तो वे फर्जी वीजा बनवाकर उन्हें दिल्ली भेज देते थे। वहां वीजा फर्जी पाए जाने पर लोगों को वापस कर दिया जाता था, जबकि अभियुक्त उनके पासपोर्ट लेकर फरार हो जाते थे।
पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment