वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता गोरखपुर
गोरखपुर। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अपर जिला अधिकारी (वित्त/राजस्व)/प्रभारी अधिकारी (आपदा) विनीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद की बहु आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 के निर्माण को लेकर बृहद समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम, नई दिल्ली तथा आईपीई ग्लोबल के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने बताया कि राहत आयुक्त कार्यालय एवं उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा किए गए अनुबंध के तहत जनपद की आपदा प्रबंधन योजना तैयार करने की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
बैठक के दौरान आपदा विशेषज्ञ गौतम गुप्ता ने जनपद में संभावित बहु आपदाओं एवं उनके प्रभाव पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। साथ ही यह भी बताया गया कि आपदा की स्थिति में विभिन्न विभाग किस प्रकार आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी ढंग से कार्य करते हैं।
आई.पी.ई. ग्लोबल के प्रतिनिधि अविनाश मोहंती ने जानकारी दी कि पिछले वर्षों में जनपद में आई विभिन्न आपदाओं से हुई क्षति का आंकलन किया जा रहा है। इन आंकड़ों के आधार पर जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सुदृढ़ एवं व्यावहारिक योजना तैयार की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) ने सभी विभागों से अपेक्षा जताई कि योजना निर्माण हेतु संस्थान द्वारा मांगी जा रही सूचनाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके।
बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, पशुपालन, बाल एवं पुष्टा आहार, एनआईसी, विद्युत, पंचायती राज, लोक निर्माण विभाग, बाढ़ खंड, बाढ़ खंड-2, ड्रेनेज खंड, नगर पंचायत, सूचना, संभागीय परिवहन, आईएमडी, कृषि, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, 26वीं वाहिनी पीएसी, नगर निगम, जल निगम, नागरिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment