बस्ती। शासन द्वारा एग्री स्टैक (डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर) के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने के लिए जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायत में 06 अप्रैल से 15 अप्रैल तक ग्राम सचिवालयों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान कैंप लगाकर किसानों का पंजीकरण कराया जा रहा है।
उप कृषि निदेशक अशोक कुमार गौतम ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री कराने से किसानों को अनेक लाभ मिलेंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आगामी किस्त प्राप्त करने के लिए रजिस्ट्री आवश्यक होगी। इसके साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड एवं अन्य कृषि ऋण प्राप्त करने में सुविधा होगी, वहीं फसल बीमा का लाभ लेने में भी आसानी होगी।
उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन के अंतर्गत फसल क्षति पर मिलने वाली क्षतिपूर्ति के लिए किसानों के चिन्हांकन में भी यह रजिस्ट्री सहायक होगी। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ वितरण अधिक पारदर्शी और सुगम बनेगा तथा लाभार्थियों का बार-बार सत्यापन नहीं करना पड़ेगा।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि किसान स्वयं ‘किसान रजिस्ट्री यूपी’ मोबाइल एप के माध्यम से या जन सेवा केंद्र (सीएससी) पर निर्धारित शुल्क देकर पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत स्तर पर कृषि विभाग के कर्मचारी, लेखपाल, पंचायत सहायक और रोजगार सेवक द्वारा लगाए जा रहे कैंप में भी फार्मर रजिस्ट्री कराई जा सकती है।
फार्मर रजिस्ट्री के लिए आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर (ओटीपी हेतु) तथा भूमि अभिलेख जैसे खसरा-खतौनी की प्रति आवश्यक है। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते अपना पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि सभी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

No comments:
Post a Comment