बस्ती। भीम युवा वाहिनी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनू राव एवं मंडल अध्यक्ष अवनीश प्रभात के नेतृत्व में मंगलवार को संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नगर थाना क्षेत्र के छबैला गांव में शौचालय निर्माण रोके जाने के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति के नन्दलाल पुत्र रामकिशुन की पुश्तैनी काबिज जमीन पर बने पुराने चरनी को गिराकर उसी स्थान पर शौचालय निर्माण कराया जाना है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा इसमें बाधा डाली जा रही है। उन्होंने मांग की कि शौचालय निर्माण में अवरोध उत्पन्न करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए और निर्माण कार्य पूरा कराया जाए।
धरने के दौरान उप जिलाधिकारी सदर ने मामले के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया। संगठन के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे पुनः आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
उन्होंने बताया कि संबंधित भूमि गाटा संख्या-169 मि० आबादी के रूप में दर्ज है और लेखपाल की रिपोर्ट में भी निर्माण में अवरोध को अनुचित बताया गया है। इसके बावजूद गांव की ही सोनी सिंह पत्नी शिवेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा निर्माण कार्य रोके जाने का आरोप लगाया गया।
ज्ञापन देने के दौरान नन्दलाल, प्रमोद, बजरंगीलाल, छाया, रामधनी, इन्दू, छेदी, गीता, लालजी, संदीप कुमार, सूरज कुमार, संगीता, शकुन्तला, अंकुश कुमार, सुषमा, सितावा, राजवंत कुमार, हरीराम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment