वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा के दृष्टिगत जनपद में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज कप्तानगंज, किसान इंटर कॉलेज मरहा, शिव हर्ष उपाध्याय किसान इंटर कॉलेज तथा शिवहर्ष किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए तथा बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान सतर्कता बनाए रखें तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। इस अवसर पर संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा परीक्षा केंद्रों के प्रभारी भी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment