वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। हत्या कर पहचान छिपाने की कोशिश करने वाले आरोपी को कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने महिला की हत्या कर उसके गहने लूट लिए थे।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार के निकट पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने 14 मार्च 2026 को हत्या की घटना में संलिप्त अभियुक्त राहुल चौधरी पुत्र झगरू उर्फ ब्रह्मदेव निवासी हाड़ापार थाना कोतवाली खलीलाबाद को सिरमोहनी चौराहा के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 13 मार्च 2026 को लक्ष्मीचंद यादव पुत्र स्व. रामललित यादव निवासी हाड़ापार थाना कोतवाली खलीलाबाद ने थाना पर प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी माता श्रीमती शारदा देवी (लगभग 60 वर्ष) 10 मार्च की रात करीब 8 बजे गांव स्थित श्री समय माता मंदिर में यज्ञ सुनने गई थीं, लेकिन घर वापस नहीं लौटीं। इसके बाद 11 मार्च को थाना कोतवाली खलीलाबाद में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
12 मार्च को गांव के पास नहर के दक्षिण दिशा में सरसों के खेत में उनका शव पड़ा मिला। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली खलीलाबाद में मु.अ.सं. 158/2026 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 309(6) व 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि वह पहले ट्रक पर खलासी का काम करता था, लेकिन काम छोड़ देने के बाद इधर-उधर घूमता रहता था और उसे पैसों की जरूरत थी। 10 मार्च की रात गांव के श्री समय माता मंदिर में यज्ञ चल रहा था, जहां काफी महिलाएं मौजूद थीं। रात करीब 11 बजे मंदिर से गांव जाने वाले नहर के बंधे के पास वह खेत के किनारे खड़ा हो गया।
इसी दौरान गांव निवासी लालचंद यादव की मां शारदा देवी अकेले घर जा रही थीं। उनके कान में सोने की बाली और पैरों में चांदी की पायल देख आरोपी ने उन्हें पकड़ लिया और मुंह दबाकर बंधे से नीचे सरसों के खेत में ले जाकर गिरा दिया। महिला द्वारा पहचान लिए जाने के डर से आरोपी ने उनका गला दबाकर हत्या कर दी और उनके कानों की सोने की बाली तथा पैरों की पायल निकालकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका के गहने भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment