वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में समस्त थानों द्वारा रात्रि गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने देर रात सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने अनावश्यक रूप से घूम रहे युवकों को रोककर उनकी पहचान और आने-जाने का कारण पूछा। बिना किसी आवश्यक कार्य के घूमते पाए जाने पर उन्हें सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में देर रात बिना कारण सड़कों पर न घूमने की हिदायत दी गई।
पुलिस टीमों ने युवाओं को समझाया कि रात्रि में अनावश्यक रूप से घूमना कानून व्यवस्था की दृष्टि से संदिग्ध माना जा सकता है। साथ ही उन्हें कानून का पालन करने और समाज में शांति बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने को दें।
अभियान के दौरान अभिभावकों से भी अनुरोध किया गया कि वे अपने बच्चों को अनावश्यक रूप से देर रात बाहर न रहने दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए नियमित रूप से रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान जारी रहेगा। वहीं थाना महुली पुलिस द्वारा भी आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार गश्त व चेकिंग की जा रही है।

No comments:
Post a Comment