वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। महिला थाना पुलिस ने "ऑपरेशन साथ-साथ–टूटते परिवारों को जोड़ने की एक पहल" अभियान के तहत सराहनीय कार्य करते हुए अलग-अलग रह रहे छह पति-पत्नी के परिवारों का पुनर्मिलन कराया। आपसी मतभेद दूर होने के बाद सभी दंपति एक साथ रहने के लिए सहमत हो गए।
महिला थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. शालिनी सिंह ने पुलिस टीम के साथ सभी दंपतियों की काउंसलिंग की। बताया गया कि विभिन्न पारिवारिक कारणों से इन दंपतियों के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था और दोनों पक्ष अलग-अलग रह रहे थे। कई महीनों से रिश्तों में आई दूरी के कारण दोनों एक-दूसरे के साथ रहने को तैयार नहीं थे।
महिला थाना प्रभारी डॉ. शालिनी सिंह ने दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक समझाया और आपसी संवाद के माध्यम से मतभेद दूर करने का प्रयास किया। काउंसलिंग के बाद सभी छह दंपतियों ने अपने विवाद भुलाकर दोबारा साथ रहने की सहमति जताई।
महिला थाना परिसर में सभी मामलों का आपसी सुलह-समझौता कराया गया। इसके बाद सभी दंपतियों को खुशी-खुशी एक साथ उनके घर के लिए विदा किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि "ऑपरेशन साथ-साथ" का उद्देश्य टूटते परिवारों को जोड़कर सामाजिक सौहार्द और पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाना है।

No comments:
Post a Comment