<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, March 12, 2026

उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों व पुलिस बल को दी गई ब्रीफिंग

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


संतकबीरनगर। उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। गुरुवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों व पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट सभागार सहित मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, नेहरू कृषक इंटर कॉलेज, आचार्य रामविलास इंटर कॉलेज, पीवी गर्ल्स इंटर कॉलेज तथा हीरालाल इंटर कॉलेज समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग की गई। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही 12 मार्च को परीक्षा से पूर्व फुल ड्रेस रिहर्सल भी कराया गया।

ब्रीफिंग के दौरान निर्देश दिया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या प्रतिबंधित सामग्री को अंदर ले जाने की अनुमति न दी जाए। केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगने देने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों और नकल कराने वाले गिरोहों पर कड़ी नजर रखी जाए। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए प्रत्येक गतिविधि की सूचना कंट्रोल रूम को देने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदमन सिंह, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार सहित विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages