महादेवा (बस्ती)। ईद के पावन अवसर पर बनकटी स्थित गौसिया जामा मस्जिद में नमाज अकीदत, भाईचारे और शांति के साथ संपन्न हुई। सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ मस्जिद में उमड़ पड़ी। लोगों ने नमाज अदा कर देश और प्रदेश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।
लालगंज थाना क्षेत्र के बनकटी, पक्कवाबाजार, अहिरौली, बरहुआ, हिनौता, देवरी, बानपुर, मथौली, पंखोंबारी, बर्रोहिया, महथा, रौतापार, नेवारी, ठकुरापार और शोभनपार सहित आसपास के गांवों की मस्जिदों में भी ईद की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। हर जगह लोगों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। सभी प्रमुख मस्जिदों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जगह-जगह पुलिस कर्मी गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे।
लालगंज थाना पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए, जिससे कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने पाई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला, जो नए कपड़ों में ईद की खुशियां मनाते नजर आए।
प्रशासन की सतर्कता और आमजन के सहयोग से पूरे क्षेत्र में ईद का त्योहार शांति, सौहार्द और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

No comments:
Post a Comment