गोरखपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान केंद्रों पर परीक्षकों को कापियों में एक अलग ही तस्वीर देखने को मिल रही है। कई विद्यार्थियों ने प्रश्नों के उत्तर लिखने की जगह सीधे परीक्षकों से पास कराने की भावनात्मक अपील कर डाली है।
मूल्यांकन कार्य में जुटे परीक्षकों के अनुसार, कुछ कापियों में विद्यार्थियों ने लिखा है कि “सर, कृपया पास कर दीजिए, नहीं तो साल बर्बाद हो जाएगा” या फिर यह लिखा है कि “मेरा भविष्य आपके हाथ में है, दया करें।” वहीं, कुछ छात्रों ने पारिवारिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए पास करने की गुहार लगाई है। कई कापियों में विद्यार्थियों ने पढ़ाई में कमजोर होने की बात स्वीकारते हुए सहानुभूति की अपील की है।
परीक्षकों का कहना है कि ऐसी अपील कमोवेश हर केंद्र पर देखने को मिल रही हैं, हालांकि बोर्ड के नियमों के अनुसार केवल लिखे गए उत्तरों के आधार पर ही अंक दिए जाते हैं। भावनात्मक अपील या व्यक्तिगत संदेशों का मूल्यांकन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता।
शिक्षकों का मानना है कि यह प्रवृत्ति छात्रों में बढ़ते परीक्षा दबाव और तैयारी की कमी को दर्शाती है। डीआईओएस डॉ. अमरकांत सिंह ने कहा कि ने कहा कि कॉपियों में विद्यार्थी उत्तीर्ण होने के लिए ऐसी बातें लिखते हैं। मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और इसमें किसी प्रकार की सिफारिश या अनुरोध का कोई स्थान नहीं है। छात्रों को चाहिए कि वे अपनी मेहनत और ज्ञान के बल पर ही सफलता हासिल करने का प्रयास करें।
- मूल्यांकन कार्य जारी, तीसरे दिन जंची 64,671 कॉपियां
यूपी बोर्ड की कापियों के मूल्यांकन के तीसरे दिन शहर के सभी केन्द्रों पर शनिवार को 1,360 परीक्षकों की अनुपस्थिति के बीच 64,671 कापियों का मूल्यांकन हुआ। इनमें हाईस्कूल की 41,097 व इंटरमीडिएट की 23,574 कापियां शामिल रहीं।
पीएमश्री राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज स्थित जनपदीय कंट्रोल रूम प्रभारी किरन कुमार आरेतो ने बताया कि मूल्यांकन कार्य के लिए परिषद द्वारा कुल 3,763 परीक्षकों की नियुक्ति की गई है, जिसके सापेक्ष तीसरे दिन 2,403 परीक्षक उपस्थित रहे और मूल्यांकन कार्य में भाग लिया।
सभी मूल्यांकन केंद्रों पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं सह जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
- ईद पर आज स्थगित रहेगा मूल्यांकन
ईद के कारण शनिवार को कापियों मूल्यांकन कार्य स्थगित रहेगा। बोर्ड सचिव की तरफ से जारी आदेश के अनुसार एक अप्रैल तक निर्धारित केंद्रों पर मूल्यांकन पूर्ण किया जाना है। इस बीच 26 मार्च को रामनवमी के दिन भी मूल्यांकन कार्य स्थगित रहेगा।
No comments:
Post a Comment