वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। गोरखपुर जं. स्टेशन पर ट्रेन स्थिति प्रदर्शन प्रणाली के डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘इन-हाउस वेब एप्लीकेशन’ विकसित किया गया है। बिना किसी अतिरिक्त व्यय के तैयार किए गए इस वेबपेज के माध्यम से अब यात्रियों को ट्रेनों की सटीक और रियल-टाइम जानकारी डिजिटल रूप में उपलब्ध कराई जा रही है।
इस पहल के तहत पूछताछ काउंटर पर मैन्युअल रूप से अपडेट किए जाने वाले व्हाइट बोर्ड के स्थान पर डिजिटल इंटरफेस स्थापित किया गया है, जिससे यात्रियों को पारदर्शी और अद्यतन ट्रेन सूचना प्राप्त हो सके। यह वेबपेज गोरखपुर जंक्शन से अगले चार घंटों में प्रस्थान करने वाली ट्रेनों की लाइव स्थिति प्रदर्शित करता है। ट्रेनों को दिशा-वार दर्शाया गया है, जिससे विशेष रूप से दैनिक और अनारक्षित यात्रियों को अपनी यात्रा की जानकारी आसानी से समझने में सुविधा मिलती है।
वेबपेज में मार्ग परिवर्तन, पुनर्निर्धारण, नियंत्रित तथा निरस्त ट्रेनों को विशेष रूप से हाइलाइट किया गया है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति या अंतिम समय की असुविधा का सामना न करना पड़े। स्टेशन पर लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर यात्री सीधे इस वेबपेज तक पहुंच सकते हैं। इसमें ऑटो-रिफ्रेश और ऑटो-स्क्रॉल की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे ट्रेन से संबंधित जानकारी लगातार अपडेट होती रहती है।
निर्धारित यूआरएल के माध्यम से इस वेबपेज को मोबाइल फोन सहित किसी भी डिवाइस पर एक्सेस किया जा सकता है। इससे यात्रियों को पूछताछ काउंटर पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे समय की बचत होगी और स्टेशन पर भीड़-भाड़ में भी कमी आएगी। दैनिक यात्री अपनी दिशा की अगली उपलब्ध ट्रेन की जानकारी शीघ्र प्राप्त कर यात्रा की बेहतर योजना बना सकेंगे।
इस प्रणाली के माध्यम से संबंधित रेलकर्मी नई ट्रेनों की प्रविष्टि, मार्ग परिवर्तन, निरस्त ट्रेनों और संभावित प्रस्थान समय का समयबद्ध अपडेट भी कर सकते हैं। इन-हाउस विकसित यह सॉफ्टवेयर पूर्वोत्तर रेलवे की किफायती और नवोन्मेषी पहल को दर्शाता है।
त्योहारों और बड़े आयोजनों जैसे कुम्भ मेला, माघ मेला आदि के दौरान जब यात्रियों की संख्या अधिक होती है, तब यह डिजिटल प्रणाली विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी। रियल-टाइम सूचना प्रसारण से भीड़ प्रबंधन में सहायता मिलेगी, पूछताछ काउंटरों पर दबाव कम होगा और भ्रामक जानकारी की संभावना भी न्यूनतम रहेगी।
इस प्रकार यह पहल यात्री सुविधा को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्टेशन की सूचना प्रसारण प्रणाली के आधुनिकीकरण और मंडल स्तर से दूरस्थ मॉनिटरिंग की सुविधा को भी सुनिश्चित करती है। गोरखपुर जंक्शन पर यह यात्री सुविधा प्रारंभ कर दी गई है।
.jpg)
No comments:
Post a Comment