वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के लिए एडीआर भवन में बैंक प्रमुखों के साथ बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत कृष्ण कुमार-पंचम द्वारा आहूत की गई।
बैठक में अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत कृष्ण कुमार-पंचम ने सभी बैंक प्रमुखों से कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए अभी से सक्रिय रूप से कार्य शुरू कर दें। उन्होंने विशेष रूप से बैंक ऋण वसूली से जुड़े अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण का प्रयास करने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बैंकों के बकायेदारों से संबंधित सम्मन समय से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, संत कबीर नगर के कार्यालय में उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उन्हें संबंधित थानों के माध्यम से बकायेदारों तक तामील कराया जा सके।
बैठक के दौरान अग्रणी बैंक प्रबंध कार्यालय से हरिकेश नारायण ने बताया कि सभी बैंकों द्वारा सम्मनों को तैयार किया जा रहा है तथा उन्हें पक्षकारों को भेजा जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक ऋण वसूली के मामलों का निस्तारण कराया जा सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह ने भी सभी बैंक प्रमुखों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के प्रमुख उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment