गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद के अध्यक्ष सतीश शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कार्यालय, गाजियाबाद के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्यपाल महोदय को संबोधित ज्ञापन सीडीओ के माध्यम से सौंपा गया।
प्रदर्शनकारियों ने मनरेगा के अंतर्गत कार्य करने वाले लगभग एक करोड़ परिवारों के करीब ढाई महीने से लंबित 2000 करोड़ रुपये के भुगतान को तत्काल जारी करने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मजदूरी का भुगतान न होने से मनरेगा मजदूर परिवार आर्थिक संकट और भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं।
इसके अलावा, मनरेगा योजना के क्रियान्वयन से जुड़े ग्राम रोजगार सेवकों सहित करीब 40 हजार संविदा कर्मचारियों को पिछले 8 महीनों से मानदेय न मिलने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस पार्टी ने इसे मजदूर और कर्मचारी विरोधी नीति करार देते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “मजदूर विरोधी सरकार नहीं चलेगी” और “जनविरोधी सरकार मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि होली से पहले लंबित भुगतान नहीं किया गया, तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।
इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष हरेंद्र कसाना, पूर्व महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी, महिला जिला अध्यक्ष डोली त्यागी, मीडिया प्रभारी आशुतोष गुप्ता, कोषाध्यक्ष अश्वनी त्यागी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment