वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कृष्णा भगवती में प्रभारी निरीक्षक महिला थाना के नेतृत्व में बहू-बेटी सम्मेलन एवं जन चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 60 महिलाओं एवं बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में महिला पुलिस टीम की ओर से मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर महिलाओं को जागरूक किया गया।
इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को वूमेन पॉवर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड लाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई और जरूरत पड़ने पर इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में महिला पुलिस कर्मियों द्वारा देश में लागू नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023—के बारे में भी विस्तार से बताया गया। साथ ही साइबर जागरूकता अभियान के तहत साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, ओटीपी चोरी, यूपीआई फ्रॉड और साइबर बुलिंग जैसे मामलों से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।
चौपाल में उपस्थित महिलाओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और इस प्रकार के जागरूकता अभियानों को उपयोगी बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक होने में काफी मदद मिल रही है।

No comments:
Post a Comment