वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। जनपद में सागौन के पेड़ काटकर चोरी करने की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिकअप बोलेरो, एक जाइलो कार, 12 बोटा सागौन की लकड़ी, एक फेटा (आरा) व एक रस्सा भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार के निकट पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दुबे के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने 21 मार्च 2026 को मगहर स्थित संतकबीर आश्रम जाने वाले तिराहे के पास से तीनों अभियुक्तों कृष्ण मोहन निषाद निवासी देवरिया, घनश्याम प्रजापति व जितेन्द्र पासवान निवासी गोरखपुर को गिरफ्तार किया।
बताया गया कि 19 मार्च 2026 को वादी अब्दुल अलीम निवासी गड़सरपार द्वारा थाना कोतवाली खलीलाबाद में प्रार्थना पत्र देकर सूचना दी गई थी कि 10/11 मार्च की रात में उनके खेत तथा समीप स्थित खेत से कुल तीन सागौन के पेड़ अज्ञात लोगों द्वारा काटकर चोरी कर लिए गए हैं। इस संबंध में थाना कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने पहले खेत की रेकी की और सुनसान स्थान पर लगे सागौन के पेड़ों को निशाना बनाया। इसके बाद रात में पिकअप वाहन से पहुंचकर पेड़ों को काटकर टुकड़ों में बांट लिया और उन्हें वाहन में लादकर देवरिया में एक स्थान पर छिपा दिया। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी की लकड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

No comments:
Post a Comment