वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जीवन और चरित्र पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत है। यह विचार आर्य समाज नई बाजार बस्ती के प्रधान ओम प्रकाश आर्य ने रामनवमी के अवसर पर व्यक्त किए।
स्वामी दयानंद विद्यालय, सुरतीहट्टा बस्ती में आयोजित यज्ञ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि श्रीराम एक युगपुरुष, आदर्श राजा, ईश्वरभक्त, मातृ-पितृ भक्त, आदर्श भाई, पुत्र, शिष्य और प्रजापालक थे। उनका जीवन धर्म का साक्षात रूप है और उनके चरित्र का अनुसरण करना पूरे मानव समाज के लिए गौरव की बात है।
इससे पूर्व यज्ञ कराते हुए योगाचार्य गरुण ध्वज पाण्डेय ने बच्चों को श्रीराम के जीवन से जुड़ी शिक्षाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यदि किसी को धर्म का वास्तविक स्वरूप समझना हो तो उसे वाल्मीकि रामायण का अध्ययन करना चाहिए, जिसमें श्रीराम के आदर्श जीवन का विस्तार से वर्णन है।
प्रधानाध्यापक आदित्य नारायण गिरि ने कहा कि श्रीराम ने मानव समाज के लिए आदर्श व्यवहार की मर्यादाएं स्थापित कीं। वे धर्म की रक्षा के लिए राज्य का त्याग करने और अधर्म के विनाश हेतु श्रीलंका तक जाने जैसे आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
कार्यक्रम में बताया गया कि रामनवमी आज पूरे विश्व में विभिन्न रूपों में मनाई जाती है और श्रीराम का आदर्श आज भी प्रासंगिक और अमर है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment