वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल अंतर्गत मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत व्यापक पुनर्विकास किया जा रहा है। लगभग 52.65 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे इस कार्य का उद्देश्य स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त कर यात्री अनुकूल बनाना है।
मऊ जंक्शन पूर्वी उत्तर प्रदेश का एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, जो नई दिल्ली, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, कोलकाता, पुणे, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, जयपुर, रांची और अमृतसर जैसे प्रमुख शहरों से सीधी रेल सेवा द्वारा जुड़ा हुआ है। वर्तमान में इस स्टेशन से प्रतिदिन लगभग 44 मेल/एक्सप्रेस एवं सवारी ट्रेनों का संचालन हो रहा है। बढ़ते यात्री दबाव और आगामी वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इसका कायाकल्प किया जा रहा है।
पुनर्विकास के तहत स्टेशन भवन का सौंदर्यीकरण, आधुनिक प्रवेश-निकास द्वार, प्रतीक्षालय, अत्याधुनिक प्रसाधन, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, प्लेटफॉर्म का उच्चीकरण एवं विस्तार तथा बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है। एक प्लेटफॉर्म से दूसरे तक सुगम आवागमन के लिए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण भी किया जा रहा है।
अब तक लगभग 3000 वर्ग मीटर क्षेत्र में स्टेशन भवन और पोर्च का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा आकर्षक फसाड लाइटिंग लगाई गई है। स्टेशन पहुंच मार्ग को बेहतर बनाया गया है और सर्कुलेटिंग एरिया में ड्रेनेज, बाउंड्री वॉल, सड़क, पार्किंग और पाथ-वे का कार्य भी पूरा किया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त प्लेटफॉर्म विस्तार के साथ 5500 वर्ग मीटर क्षेत्र में ग्रेनाइट लगाने का कार्य प्रगति पर है। यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए पीपी शेल्टर लगाए जा रहे हैं। आधुनिक प्रतीक्षालय, महिला-पुरुष एवं दिव्यांगजन के लिए उन्नत प्रसाधन तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप साइनेज भी विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, 2 लिफ्ट और 4 एस्केलेटर लगाने का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
सभी कार्य पूर्ण होने के बाद मऊ जंक्शन स्टेशन न केवल आकर्षक स्वरूप में नजर आएगा, बल्कि बढ़ते यात्री दबाव को संभालने में भी सक्षम होगा। इससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

No comments:
Post a Comment