वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
महादेवा (बस्ती)। विकास क्षेत्र बनकटी के महादेवा चौराहे पर पहली बार ‘राम नाम महामंत्र’ के विशाल धार्मिक आयोजन का भव्य शुभारंभ 28 मार्च से होने जा रहा है। पांच दिवसीय संगीतमय कथा एवं सवा करोड़ श्रीराम नाम जप का यह आयोजन राष्ट्रीय संत अवधेश जी महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम 28 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक प्रतिदिन सायं 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान अयोध्या धाम से आए संत-महात्माओं द्वारा संगीतमय राम कथा का वाचन किया जाएगा तथा अखंड कीर्तन और राम नाम जप का क्रम लगातार चलता रहेगा।
कार्यक्रम का समापन 2 अप्रैल 2026 को भंडारे के साथ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे ‘राम नाम महामंत्र’ (रघुनंदन राघव राम हरे सियाराम हरे) के जप में सहभागी बनें और कम से कम दो से चार घंटे का समय देकर पुण्य लाभ अर्जित करें।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों को आयोजक, संयोजक एवं व्यवस्था समिति में शामिल किया गया है। आयोजन स्थल राम मड़ैया, सूर्या क्लीनिक महादेवा में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

No comments:
Post a Comment