वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। थाना छावनी पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत में एएनएम पद पर नियुक्त महिला कर्मी से एरियर बिल भुगतान कराने के नाम पर 45 हजार रुपये लेने वाले प्रधान लिपिक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 14 मार्च 2026 को थाना क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत में एएनएम पद पर तैनात महिला कर्मी के मूल वेतन में संशोधन के बाद बने एरियर बिल के भुगतान के एवज में 45 हजार रुपये लेने की शिकायत सामने आई थी। मामले में आरोपी प्रधान लिपिक प्रदीप श्रीवास्तव (नियुक्ति– सीएचसी विक्रमजोत, थाना छावनी, जनपद बस्ती) के विरुद्ध थाना छावनी में मुकदमा अपराध संख्या 198/2026 धारा 352, 351(3) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 व 13 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
इसके बाद थाना छावनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 मार्च 2026 को आरोपी प्रदीप श्रीवास्तव को रामरेखा पुल के पास, ग्राम अमोढ़ा थाना छावनी क्षेत्र से दोपहर करीब 1 बजकर 4 मिनट पर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment