लखनऊ। राजधानी के दक्षिणी जोन में सक्रिय मोबाइल स्नैचिंग गिरोह पर कार्रवाई करते हुए पीजीआई थाना पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुरेश पुत्र जगन्नाथ मौर्या (30) निवासी ग्राम खसरवारा थाना बंथरा के रूप में हुई है। वह एक होम्योपैथिक मेडिकल स्टोर पर काम करता था, लेकिन अतिरिक्त पैसों की जरूरत के चलते उसने मोबाइल स्नैचिंग का रास्ता अपनाया।
दरअसल, थाना पीजीआई क्षेत्र में बीते दिनों मोबाइल झपटमारी की कई घटनाएं सामने आई थीं। 11 मार्च से 17 मार्च के बीच अलग-अलग स्थानों—सैनिक नगर और पाठकपुरम इलाके में महिलाओं से मोबाइल छीनने की शिकायतें दर्ज हुई थीं। इन मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस टीम 29 मार्च को वृंदावन योजना क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उतरेठिया रेलवे लाइन के पास एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास से तीन मोबाइल फोन (ओप्पो, नारजो और रेडमी), 860 रुपये नकद और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP32LD6667) बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह सुनसान स्थानों पर लोगों से मोबाइल छीनकर फरार हो जाता था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दुर्गेश सिंह, उपनिरीक्षक परमानंद सिंह, उपनिरीक्षक विवेक कुमार, हेड कांस्टेबल नंदलाल पटेल और कांस्टेबल बबलू कुमार शामिल रहे।
No comments:
Post a Comment