वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे ने स्क्रैप निस्तारण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए वित्त वर्ष 2025-26 में निर्धारित लक्ष्य को समय से पूर्व पूरा कर लिया है। रेलवे प्रशासन द्वारा ‘मिशन जीरो स्क्रैप’ के तहत की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप अब तक 215 करोड़ रुपये से अधिक की आय अर्जित की गई है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार मार्च 2026 माह में ही अब तक स्क्रैप निस्तारण से 26 करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई है। इस अभियान के तहत रेल परिसरों एवं रेल पटरियों के किनारे पड़ी निष्प्रयोज्य सामग्रियों के निस्तारण से न केवल राजस्व में वृद्धि हुई है, बल्कि स्वच्छता को भी बढ़ावा मिला है।
‘स्वच्छ भारत मिशन’ के अंतर्गत पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा परित्यक्त भवनों, आवासों एवं अनुपयोगी सामग्री की पहचान कर उनके निस्तारण की प्रक्रिया तेज की गई है। इससे रेलवे परिसरों को साफ-सुथरा बनाने में भी सफलता मिली है।
रेलवे प्रशासन ने 31 मार्च 2026 तक स्क्रैप निस्तारण को और तेज करने की योजना बनाई है, जिससे राजस्व में और अधिक वृद्धि के साथ-साथ स्वच्छता अभियान को भी मजबूती मिल सके।
No comments:
Post a Comment