वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। होली पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने और अवैध कच्ची शराब के निर्माण व बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को बड़ी कार्रवाई की गई। अपर जिलाधिकारी बस्ती प्रतिपाल सिंह चौहान व अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती श्री श्यामकांत के नेतृत्व में आबकारी टीम और थाना मुंडेरवा पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन दबिश देकर अवैध कच्ची शराब बरामद की।
01 मार्च 2026 को क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव एवं थानाध्यक्ष मुंडेरवा प्रदीप कुमार सिंह की मौजूदगी में थाना मुंडेरवा क्षेत्र के मोहल्ला करवल कॉलोनी में छापेमारी की गई। दबिश के दौरान अभियुक्ता शांति देवी पत्नी राजकुमार निवासी करवल कॉलोनी, थाना मुंडेरवा, जनपद बस्ती के कब्जे से 15 लीटर अवैध कच्ची शराब एवं शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए।
इसके अतिरिक्त मौके पर लगभग 350 लीटर लहन (शराब बनाने के लिए तैयार कच्चा मिश्रण) पाया गया, जिसे टीम द्वारा नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई से अवैध शराब के धंधे में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस द्वारा उक्त प्रकरण में थाना मुंडेरवा पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment