वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने फायरिंग के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार के पर्यवेक्षण में की गई।
एसओजी प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जयप्रकाश दुबे के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा 01 मार्च 2026 को बालूशासन पुल के पास से पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार 28 फरवरी 2026 को वादी द्वारा कोतवाली खलीलाबाद में प्रार्थना पत्र देकर बताया गया कि 27 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 1 बजे वह अपने बेटे को परीक्षा दिलाने के लिए जगदीश प्रसाद उपाध्याय इंटर कॉलेज भदाह, संतकबीरनगर गए थे। भदाह चौराहे पर पांचों आरोपी मोटरसाइकिल से रॉड-डंडा लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से कृष्णा यादव ने उन पर फायर कर दिया। वादी किसी तरह बाल-बाल बच गया।
प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना कोतवाली खलीलाबाद में मु0अ0सं0 123/2026 के तहत धारा 191(2), 191(3), 190, 109(1), 351(3), 352 बीएनएस, 7 सीएलए एक्ट व 3/25/27, 4/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर धारा 3/25, 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी भी की गई है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि समाज में अपनी प्रतिष्ठा कायम रखने के लिए उन्होंने इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया। पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय भेजा जा रहा है।

No comments:
Post a Comment