गोरखपुर। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) अनुभाग गोरखपुर की ओर से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत छह संयुक्त टीमों ने विभिन्न ट्रेनों, रेलवे स्टेशनों और प्लेटफॉर्मों पर सघन जांच की।
पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया/गोरखपुर के निकट पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं, गतिविधियों और ज्वलनशील पदार्थों की जांच की गई। अभियान का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करना तथा रेल परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।
- छह टीमों ने अलग-अलग रेल मार्गों पर की जांच
अभियान के तहत पहली टीम ने गोंडा से बस्ती, खलीलाबाद और पड़रौना के रास्ते अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15134 में गोंडा से थावे तक चेकिंग की। दूसरी टीम ने आनंदनगर, सिद्धार्थनगर, तुलसीपुर और बलरामपुर क्षेत्र में गोमतीनगर एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15081 में आनंदनगर से बढ़नी तक जांच की।
तीसरी टीम ने बहराइच से गोंडा तक वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15131 में चेकिंग की। चौथी टीम ने गोरखपुर से सीवान तक बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15204 में जांच अभियान चलाया।
पांचवीं टीम ने वाराणसी सिटी से गाजीपुर सिटी और औड़िहार क्षेत्र में आसनसोल स्पेशल ट्रेन संख्या 04185 में वाराणसी सिटी से सुरेमनपुर तक चेकिंग की। वहीं, छठी टीम ने आजमगढ़, मऊ, दुल्लहपुर और सादात क्षेत्र में गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 13510 में आजमगढ़ से सुरेमनपुर तक सघन जांच की।
- संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील
रेलवे पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने कहा कि जीआरपी यात्रियों की सुरक्षित और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यात्रियों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सतर्कता सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

No comments:
Post a Comment