बस्ती। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर शुक्रवार को बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनके संघर्षों, विचारों और सामाजिक योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि कांशीराम ने दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और समाज के वंचित वर्गों को संगठित कर उनमें राजनीतिक अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा की। उन्होंने सामाजिक गैरबराबरी के खिलाफ संघर्ष करते हुए बहुजन समाज को एक नई पहचान और दिशा प्रदान की।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष एवं सदर विधायक महेंद्रनाथ यादव ने कहा कि मान्यवर कांशीराम बहुजन आंदोलन के महानायक थे। उन्होंने समाज के उन वर्गों में सत्ता में भागीदारी की चेतना जगाई, जो लंबे समय तक राजनीतिक और सामाजिक रूप से उपेक्षित रहे। उनकी विचारधारा ने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी और वंचित समाज को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
महेंद्रनाथ यादव ने कहा कि समाजवाद का मूल उद्देश्य समाज में व्याप्त गैरबराबरी को समाप्त कर सभी वर्गों को समान अवसर और सम्मान दिलाना है। कांशीराम ने गरीबों, शोषितों और उपेक्षित लोगों को राजनीतिक रूप से मजबूत बनाने का काम किया। उन्होंने बहुजन समाज को यह एहसास कराया कि संगठित होकर लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है।
वक्ताओं ने कहा कि कांशीराम ने संगठन और आंदोलन के माध्यम से दलित चेतना को व्यापक स्वरूप दिया। बामसेफ के गठन के जरिए उन्होंने सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों को संगठित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। उनका संघर्ष केवल राजनीतिक सत्ता प्राप्त करने तक सीमित नहीं था, बल्कि समाज में समानता, सम्मान और अधिकारों की स्थापना भी उनके आंदोलन का प्रमुख उद्देश्य था। उनके विचार आज भी सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई लड़ने वालों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
सभा में पूर्व विधायक राजमणि पाण्डेय, दयाशंकर मिश्रा, मो. स्वालेह, समीर चौधरी, हरीश गौतम, मो. सलीम, राम अशीष वर्मा, आरडी निषाद और संजय गौतम सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर राम सिंह यादव, अशोक यादव, दीपक आर्या, अरविन्द सोनकर, लवकुश गौतम, नितराम चौधरी, राम बहाल चौधरी, हनुमान प्रसाद चौधरी, प्रशान्त यादव, युनूस आलम, गीता भारती, तूफानी यादव, चिन्तामणि मिश्रा, गुलाब सोनकर, अजय कुमार, लल्लू सोनकर, पंकज कुमार यादव, जोखूलाल यादव, जयराज यादव, सुशील यादव, लालमन यादव, नीलू सिंह, गुलाम गौस और जीत बहादुर सिंह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment