वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। सरस्वती शिशु मंदिर पक्कीबाग, गोरखपुर में आज मातृ-पितृ पूजन दिवस एवं महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक एवं भैया-बहनों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव एवं माता पार्वती के पूजन से हुआ। इसके उपरांत आचार्या बहन अंकिता सिंह ने भैया-बहनों को महाशिवरात्रि की कथा सुनाते हुए इस पर्व के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। आचार्या बहन भानुप्रिया जी ने भक्ति भाव से ओत-प्रोत भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आचार्य राणा प्रताप जी ने मातृ-पितृ पूजन दिवस का महत्व बताते हुए बच्चों से अपने माता-पिता का सदैव सम्मान करने एवं उनके प्रति सेवा भाव बनाए रखने का आग्रह किया। नन्हें-मुन्ने भैया-बहनों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इसके पश्चात भैया-बहनों ने अपने माता-पिता का विधिवत पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय की उपप्रधानाचार्य श्रीमती रुक्मिणी उपाध्याय, शिशु वाटिका प्रमुख श्रीमती मीनाक्षी सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. राजेश सिंह सहित समस्त आचार्य परिवार एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे। अंत में श्रीमती मीनाक्षी सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment