वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
लखनऊ। काठमांडू से दिल्ली जा रही बस में यात्रा कर रहे एक पुरुष यात्री के पास मादक पदार्थ होने की खुफिया सूचना पर राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने सतर्कता बढ़ाते हुए 12/13 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि करीब लखनऊ में बस को रुकवाकर संदिग्ध यात्री की जांच की।
तलाशी के दौरान यात्री के सामान से 04 पैकेटों में रखा कुल 5,209 ग्राम सफेद पाउडरनुमा पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर किए गए फील्ड टेस्ट में उक्त पदार्थ हेरोइन पाया गया। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹10.418 करोड़ आंकी गई है।
डीआरआई अधिकारियों ने बरामद मादक पदार्थ को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत जब्त कर लिया है तथा प्रतिबंधित पदार्थ की तस्करी के आरोप में यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थ की आपूर्ति श्रृंखला में और कौन-कौन शामिल है।


No comments:
Post a Comment