वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। सरस्वती शिशु मंदिर पक्की बाग, गोरखपुर में 13 एवं 14 फरवरी को प्रांतीय समीक्षा एवं कार्य योजना बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शिशु शिक्षा समिति गोरक्ष प्रांत के मुख्य मार्गदर्शक एवं प्रदेश निरीक्षक श्री राम सिंह तथा प्रांतीय वैदिक गणित प्रमुख हरिकिशुन गिरी की विशेष उपस्थिति रही।
बैठक में विगत सत्र के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति एवं क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही आगामी महीनों के लिए संगठनात्मक गतिविधियों एवं विभिन्न कार्यक्रमों का कैलेंडर तैयार किया गया। शिक्षा एवं प्रशासनिक कार्यों में गुणात्मक वृद्धि सुनिश्चित करने हेतु नए मापदंड तय किए गए तथा प्रांतीय स्तर पर आ रही चुनौतियों पर विचार-विमर्श कर उनके प्रभावी समाधान की रणनीति बनाई गई।
मुख्य मार्गदर्शक श्री राम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कार्ययोजना केवल कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर प्रभावी रूप से लागू होनी चाहिए। अनुशासन और समर्पण ही किसी भी प्रांत की प्रगति का मुख्य आधार है। उन्होंने समयबद्धता, पारदर्शिता एवं कार्यकर्ताओं के कौशल विकास पर विशेष बल देते हुए कहा कि 13 और 14 फरवरी की यह बैठक भविष्य के लक्ष्यों की सुदृढ़ आधारशिला सिद्ध होगी।
बैठक में गोरक्ष प्रांत के सभी गणित प्रमुख शिक्षक उपस्थित रहे और आगामी योजनाओं को सफल बनाने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment