बस्ती। आगामी होली एवं जुमात-उल-विदा (रमजान का अंतिम शुक्रवार) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन प्रबंधन तथा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें।
स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं सक्रिय रखने, पर्याप्त एंबुलेंस एवं चिकित्सकीय टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने तथा तकनीकी खराबी की स्थिति में त्वरित समाधान हेतु टीमों को अलर्ट मोड में रखने को कहा गया। अग्निशमन विभाग को भी संभावित घटनाओं से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद के संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। त्योहारों के दौरान लगातार गश्त, सोशल मीडिया की निगरानी तथा अफवाहों पर त्वरित नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने या अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, संभ्रांत नागरिकों एवं समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे। अधिकारियों ने सुझावों पर सकारात्मक संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील की कि वे दोनों पर्वों को परंपरागत, उल्लासपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment