वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रचार-प्रसार हेतु जिले को मिला नया वाहन
संतकबीरनगर। “न्याय चला निर्धन से मिलने” की सूक्ति को चरितार्थ करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा भेजा गया बारह सीटर “फोर्स” वाहन सोमवार को जनपद संतकबीरनगर को प्राप्त हुआ। जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह ने न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इसके उद्देश्यों की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्राधिकरण द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में न्याय रथ भेजे जा रहे हैं, ताकि दूर-दराज एवं अंतिम छोर पर बसने वाले जरूरतमंद लोगों तक विधिक सहायता और जागरूकता कार्यक्रमों की पहुंच सुनिश्चित की जा सके। जनपद में न्याय रथ के आगमन से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित न्यायिक प्रतिष्ठान में उत्साह का माहौल रहा।
जनपद न्यायाधीश ने कहा कि न्याय रथ के माध्यम से गरीब, असहाय एवं वंचित वर्ग के लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा उन्हें न्याय पाने में हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय नासिर अहमद, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायिक अधिकारी सुनील कुमार सिंह, अपर जिला जज गजेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार, न्यायिक अधिकारी अशोक कसौधन, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अंजय कुमार श्रीवास्तव, नाजिर बृजेश सिंह, रामभवन चौधरी, विनय, हरिशंकर चौधरी, जयशंकर यादव, मुलायम सिंह यादव, दीपक, राहुल यादव, बलदेव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment