वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना द्वारा पुलिस कार्यालय पर निर्माण इकाई के प्रभारी एवं ठेकेदारों के साथ बैठक कर जनपद में निर्माणाधीन पुलिस भवनों व आधारभूत संरचनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक में पुलिस लाइन संतकबीरनगर, नवसृजित थाना बेलहरकला, रिजर्व पुलिस लाइन मेहदावल एवं धनघटा, साइबर थाना सहित विभिन्न स्थानों पर निर्माणाधीन आवासीय व अनावासीय भवनों, बैरकों तथा विवेचना कक्षों की वर्तमान स्थिति का विस्तार से अवलोकन किया गया। निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूर्ण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित निर्माण इकाइयों एवं विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य तय समयावधि में पूर्ण किए जाएं तथा उच्च गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन हो। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कर हस्तांतरण प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे पुलिस बल को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित कार्यस्थल उपलब्ध हो सकें।
समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को नियमित अनुश्रवण करने तथा मासिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि निर्माण परियोजनाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सके। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुदृढ़ पुलिस अवसंरचना जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

No comments:
Post a Comment