वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
महादेवा (बस्ती)। बोकनार गांव निवासी अजीत कुमार उर्फ इंद्रराज (42 वर्ष) पुत्र भभूती का शव मंगलवार की शाम ओरवारा रेलवे ट्रैक पर मिला। शव की पहचान न हो पाने के कारण पुलिस ने उसे मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया था।
स्वजनों के अनुसार इंद्रराज दो दिन पहले यात्रा के लिए घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। बुधवार देर शाम सोशल मीडिया के माध्यम से स्वजनों को जानकारी मिली कि ओरवारा रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। फोटो देखने के बाद परिजनों को आशंका हुई, जिस पर वे तत्काल घटनास्थल पहुंचे। वहां शव की शिनाख्त इंद्रराज के रूप में की गई।
मृतक इंद्रराज अविवाहित थे और गांव में रहकर मजदूरी का कार्य करते थे। वह चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे। उनके माता-पिता तथा एक भाई का पूर्व में ही निधन हो चुका है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और स्वजन रो-रोकर बदहवास हैं।
इस संबंध में थाना प्रभारी मुंडेरवा प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार सायं करीब 7 बजे दूरभाष के माध्यम से ओरवारा रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। शव को मर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया था, जिसकी बुधवार को स्वजनों द्वारा शिनाख्त कर ली गई है। आगे की विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।

No comments:
Post a Comment