वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। एन.जे.सी.ए. की एक आवश्यक बैठक पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ भवन पर सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के महामंत्री विनोद राय ने की तथा संचालन वरिष्ठ रेलवे कर्मचारी नेता दीपक चौधरी ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए विनोद राय ने कहा कि कर्मचारियों को एनपीएस और यूपीएस किसी भी रूप में स्वीकार नहीं है और पुरानी पेंशन व्यवस्था के किसी भी विकल्प से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुरानी पेंशन बहाली, रेलवे में नियमित भर्तियाँ तथा रेलवे अस्पतालों की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।
मुख्य अतिथि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आठवें वेतन आयोग का लाभ कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनरों को भी मिलना चाहिए तथा इसका फिटमेंट फैक्टर 3.86 से कम नहीं होना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि मदन मुरारी शुक्ल ने कोरोना काल में निलंबित भत्तों की तत्काल बहाली और लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की।
बैठक में बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment