<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Sunday, January 4, 2026

खिचड़ी मेले को लेकर रेलवे की व्यापक तैयारियां, विशेष ट्रेनें व कड़े सुरक्षा इंतजाम

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


गोरखपुर। आगामी मकर संक्रान्ति (खिचड़ी) पर्व के अवसर पर गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले ऐतिहासिक खिचड़ी मेले को लेकर रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालु यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं संरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस दौरान उत्तर प्रदेश एवं बिहार के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोरखपुर पहुंचते हैं।

मेला अवधि में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 05016/05015 गोरखपुर–नौतनवा–गोरखपुर अनारक्षित विशेष गाड़ियों का 10 फेरों के लिए संचलन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 18 एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव नकहा जंगल स्टेशन पर प्रदान किया गया है, जिससे यात्रियों को सुगम आवागमन में सहायता मिलेगी।

रेलवे प्रशासन द्वारा गोरखपुर जंक्शन स्टेशन के बाहरी परिसर में यात्रियों के सुचारु आवागमन हेतु बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए स्टेशन परिसर में डॉग स्क्वाड द्वारा नियमित चेकिंग की जाएगी तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी।

मेला अवधि के दौरान नकहा जंगल स्टेशन पर यात्रियों के लिए एक होल्डिंग एरिया बनाया गया है और पर्याप्त संख्या में मोबाइल प्रसाधनों की व्यवस्था की जा रही है। गोरखपुर जंक्शन एवं नकहा जंगल स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और वाणिज्य विभाग के रेलकर्मियों की तैनाती की जाएगी ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। स्टेशनों पर साफ-सफाई के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और यात्रियों की सहायता के लिए 24 घंटे सहायता बूथ संचालित रहेगा।

स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अवांछनीय तत्वों पर नजर रखी जा रही है। जनसूचना प्रणाली के जरिए यात्रियों से बिना टिकट यात्रा न करने, ट्रेन की छत या पायदान पर यात्रा न करने, ज्वलनशील या विस्फोटक सामग्री लेकर न चलने, स्टेशन परिसर में गंदगी न करने, अनधिकृत विक्रेताओं से खानपान सामग्री न खरीदने तथा दलालों के माध्यम से टिकट न लेने की लगातार अपील की जा रही है।

यात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर फर्स्ट एड बॉक्स की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्राथमिक उपचार दिया जा सके। गोरखपुर जंक्शन एवं नकहा जंगल स्टेशन पर यात्री सहायता बूथ लगाए जाएंगे, जहां वाणिज्य कर्मी तैनात रहेंगे। नकहा जंगल स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर भी खोले गए हैं। सुरक्षा एवं संरक्षा के दृष्टिगत बैगेज स्कैनर और सीसीटीवी की निगरानी में लगे कर्मचारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

रेलवे प्रशासन ने मेला यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा एवं संरक्षा के लिए रेलवे का सहयोग करें और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages