बस्ती। रविवार को आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष डा. राम सुभाष वर्मा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में हिन्दू समुदाय पर हो रहे कथित संगठित अत्याचारों, भारत सरकार की चुप्पी तथा कूटनीतिक व व्यापारिक संबंधों पर कठोर निर्णय लिए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने के बाद जिलाध्यक्ष डा. राम सुभाष वर्मा ने कहा कि बांग्लादेश में हिन्दुओं पर लगातार हमले, मंदिरों को निशाना बनाया जाना, महिलाओं और बच्चों के साथ की जा रही बर्बरता तथा भय के माहौल में हो रहा पलायन अत्यंत चिंताजनक और मानवता को शर्मसार करने वाला है। उन्होंने कहा कि इन गंभीर घटनाओं के बावजूद केन्द्र सरकार और प्रधानमंत्री की ओर से अब तक कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आई है, जो पीड़ादायक है।
आम आदमी पार्टी के जिला प्रभारी कुलदीप जायसवाल तथा बौद्ध प्रांत के सचिव एवं सह प्रभारी पतिराम आजाद ने कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश से अपेक्षा है कि वह पड़ोसी देश में हिन्दू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों पर मौन न साधे, बल्कि अपनी कूटनीतिक और अंतरराष्ट्रीय शक्ति का प्रयोग कर पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में भारत सरकार की चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे अत्याचारियों का मनोबल बढ़ रहा है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान महिला विंग अध्यक्ष मिथलेश भारती, डा. राम सजन सूर्यबंशी, विजय कुमार सोलंकी, जियालाल यादव, शेषपाल चौधरी, गुलाब सहित कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment