वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। आगामी मकर संक्रांति स्नान पर्व के दृष्टिगत अपर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर सुशील कुमार सिंह द्वारा थाना धनघटा क्षेत्र अंतर्गत स्थित बिड़हरघाट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्नान स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने मकर संक्रांति स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मंदिर व मेला प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की जानकारी लेते हुए श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन, रूट डायवर्जन, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्नान पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा सौहार्दपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक थाना धनघटा जयप्रकाश दूबे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment