वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
सिद्धार्थनगर। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नामित रोल प्रेक्षक, मंडलायुक्त बस्ती मंडल अखिलेश सिंह एवं जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन द्वारा जनपद सिद्धार्थनगर के सभी विधानसभा क्षेत्रों के चयनित पोलिंग केन्द्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान विधानसभा डुमरियागंज के प्राथमिक विद्यालय जमालजोत के बूथ संख्या 170 व 171, विधानसभा इटवा के प्राथमिक विद्यालय मधवापुर के बूथ संख्या 167 व 168, विधानसभा शोहरतगढ़ के प्राथमिक विद्यालय ठेबरूआ के बूथ संख्या 40 तथा प्राथमिक विद्यालय नजरगढ़वा बढ़नी के बूथ संख्या 41 व 42 एवं विधानसभा कपिलवस्तु के प्राथमिक विद्यालय लंगड़ी सनई के बूथ संख्या 422 व 423 का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
रोल प्रेक्षक अखिलेश सिंह ने निरीक्षण के दौरान संबंधित बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 को समय से भरवाकर उनकी फीडिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर 18 वर्ष पूर्ण करने वाले सभी नए मतदाताओं के नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में जोड़े जाएं तथा कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मृत्यु हो चुके अथवा विवाह के कारण स्थानांतरित मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित बनाए जाने पर विशेष जोर दिया गया। ग्राम प्रधान के सहयोग से बिना किसी भेदभाव के नाम जोड़ने व हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि समय के भीतर समाधान किया जा सके और पुनरीक्षण कार्य सुचारु रूप से पूर्ण हो ।

No comments:
Post a Comment