बस्ती। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) बस्ती नगर द्वारा मकर संक्रांति के अवसर पर सामाजिक समरसता का संदेश देने हेतु उत्सव एवं सहभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बस्ती स्थित सरस्वती विद्या मंदिर, रामबाग में सादगी, अनुशासन एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक श्री रमेश जी रहे। अपने संबोधन में उन्होंने मकर संक्रांति के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व केवल ऋतु परिवर्तन का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समानता और पारस्परिक सद्भाव का संदेश देता है।
श्री रमेश जी ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति तब प्रकट होती है जब सभी वर्ग जाति एवं भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनते हैं। समरस समाज की स्थापना ही एक सशक्त एवं समृद्ध राष्ट्र की मजबूत नींव है। उन्होंने ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना को अपनाने का आह्वान करते हुए सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। सहभोज को उन्होंने सामाजिक समरसता का प्रभावी माध्यम बताया, जिससे अपनत्व, भाईचारे और एकता की भावना सुदृढ़ होती है।
कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों के सहभोज में भाग लेने के साथ हुआ, जिसने सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सुदर्शन मेहंदी दत्ता ने की। इस अवसर पर विभाग संघ चालक नरेंद्र भाटिया, विभाग कार्यवाह आशीष, विभाग प्रचारक ऋषि, जिला कार्यवाह नीरज, जिला प्रचारक सर्वेंद्र, नगर संघ चालक सुनील मिश्रा, नगर कार्यवाह आशीष शिवाकांत, गोविंद सिंह जी सहित वायुंदन, वीरेंद्र, मुन्ना, श्रीराम, शिवेंद्र, सुबोध, प्रदीप एवं अन्य अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment