वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
महादेवा, बस्ती। भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में उत्तर प्रदेश के बस्ती मण्डल अंतर्गत जनपद संतकबीरनगर के युवा ग्राम प्रधान राजन पांडेय को ‘आदर्श (मॉडल) यूथ ग्राम सभा’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें ग्राम स्तर पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत करने तथा विकासात्मक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह के दौरान भारत सरकार के पंचायती राज मंत्री प्रो. एस. पी. पटेल ने राजन पांडेय को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और ग्राम सभाओं के माध्यम से युवाओं को नेतृत्व, सहभागिता एवं उत्तरदायित्व की दिशा में प्रेरित करना समय की आवश्यकता है।
राजन पांडेय के नेतृत्व में ग्राम सभा में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, शिक्षा तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए किए गए प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया। इस उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीणों ने राजन पांडेय को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सम्मान न केवल राजन पांडेय बल्कि पूरे जनपद और मण्डल के लिए गौरव की बात है, जिससे अन्य युवा भी ग्राम विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होंगे।
No comments:
Post a Comment