गोरखपुर। जिलाधिकारी के निर्देशन में तहसील बांसगांव क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विनिमय शुल्क न जमा करने वाले ईंट भट्ठे पर छापा मारा। राजस्व विभाग तहसील बांसगांव एवं खान निरीक्षक गोरखपुर की संयुक्त टीम ने 22 जनवरी 2026 को ग्राम नगवा स्थित मै० सरस्वती ईंट उद्योग के विरुद्ध कार्रवाई की।
जांच में पाया गया कि भट्ठा संचालक अभिषेक यादव द्वारा विगत दो वर्षों से बिना विनिमय शुल्क जमा किए ईंट भट्ठे का संचालन किया जा रहा था। मौके पर जेसीबी मशीन से ईंट पथाई का कार्य होते पाए जाने पर मशीन को सीज़ कर थाना गगहा की अभिरक्षा में सौंप दिया गया, साथ ही ईंट पथाई का कार्य तत्काल बंद करा दिया गया।
प्रशासन ने भट्ठा संचालक को समस्त बकाया विनिमय शुल्क ब्याज सहित तत्काल जमा करने का निर्देश दिया है। चेतावनी दी गई है कि शुल्क जमा न करने की स्थिति में ईंट भट्ठा संचालन पूर्णतः बंद कराते हुए वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी ईंट भट्ठा संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे विनिमय शुल्क तत्काल जमा करें, अन्यथा प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।

No comments:
Post a Comment