वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बहराइच। केन्द्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, लखनऊ द्वारा महाराजा सिंह इंटर कॉलेज, बहराइच में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय पूर्व-प्रचार अभियान का उद्घाटन गुरुवार को सुबह 11.30 बजे किया गया। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम करण टेकरीवाल ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में चांद मुहम्मद सभासद प्रतिनिधि, तमसिल अहमद उर्फ अन्नू सभासद, अनुराग सिंह वरिष्ठ समाजसेवी, मोहम्मद फरीद हुसैन, हसीब खान, गोविन्द सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह विशेष कार्यक्रम “विकसित भारत– जी राम जी एवं गणतंत्र दिवस” की थीम पर केंद्रित है। इसके अंतर्गत 26 से 27 जनवरी 2026 तक चित्र प्रदर्शनी एवं विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्रीमती अनुपमा जायसवाल, पूर्व मंत्री एवं सदर विधायक, बहराइच द्वारा किया जाएगा।
केन्द्रीय संचार ब्यूरो, लखनऊ के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जय सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि दोनों दिन विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा, गतिविधियाँ एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम एवं चित्र प्रदर्शनी आम जनमानस के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगी।
पूर्व-प्रचार अभियान के दौरान उपस्थित दर्शकों एवं छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

No comments:
Post a Comment