गोरखपुर। 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को रेलवे प्रेक्षागृह, गोरखपुर में पूर्वोत्तर रेलवे कला समिति के तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन (नरवो) की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा बोरवणकर, संगठन की पदाधिकारी व सदस्य, प्रमुख विभागाध्यक्ष तथा वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत कला समिति के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति समूह गीत “भारती जय विजय करें” एवं “मेरे देश की हवाएँ” से हुई। इसके बाद एकल गीत “जय माँ भारती”, कथक नृत्य एवं राम स्तुति – भजमन रामचरण सुखदाई की भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
एन.ई. रेलवे हायर सेकेंड्री स्कूल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत समूह नृत्य “आरम्भ है प्रचंड” ने जोश भर दिया। वहीं सीनियर सेकेंड्री स्कूल की छात्राओं का नृत्य “माटी को माँ कहते हैं” तथा बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं का “जीते हैं चल” एवं “वंदे मातरम्” पर आधारित नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
कला समिति एवं पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा प्रस्तुत देशप्रेम पर आधारित लघु नाटक “बढ़ते कदम” एवं “सरज़मीने हिंदुस्तान” को दर्शकों ने भरपूर सराहा।
महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि 26 जनवरी वह गौरवपूर्ण दिन है जब भारत ने अपना संविधान पूर्ण रूप से लागू कर सम्पूर्ण प्रभुत्व सम्पन्न राष्ट्र का स्वरूप प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठा, समानता और बंधुत्व की भावना को आत्मसात करना हम सभी की जिम्मेदारी है। भारतीय रेल देश को एक सूत्र में बाँधने का कार्य करती है।
उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कर्मचारियों की गरिमा और भविष्य में और ऊँचाइयाँ छूने की उम्मीद जताई। कार्यक्रम की सराहना करते हुए उन्होंने सभी प्रतिभागियों, विद्यार्थियों एवं आयोजकों को धन्यवाद दिया।
स्वागत सम्बोधन प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री मनोज कुमार ने किया। अध्यक्ष, रेलवे भर्ती सेल श्री राजेश कुमार गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रचना श्रीवास्तव ने किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेल अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएँ एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment