बस्ती। महर्षि वशिष्ठ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर बस्ती जनपद में ऐतिहासिक और अलौकिक महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 9 से 26 फरवरी तक चलने वाले इस भव्य आयोजन में धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला होगी, जो बस्ती के गौरवशाली इतिहास की पुनर्प्रतिष्ठा का साक्षी बनेगी।
09 फरवरी को दोपहर 12 बजे कथा स्थल पर भूमि पूजन किया जाएगा, जिसमें अयोध्या धाम के महापौर एवं तीन कलश मंदिर के महंत पूज्य गिरिजेश पति त्रिपाठी शामिल होंगे। 11 फरवरी को गुरु तीर्थ वशिष्ठ धाम से अयोध्या तक भव्य आमंत्रण रथ यात्रा निकाली जाएगी। 16 फरवरी से अयोध्या और वृंदावन के आचार्यों सहित 11 विद्वानों द्वारा विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा की अधिवास पूजा प्रारंभ होगी।
18 से 26 फरवरी तक तुलसी पीठाधीश्वर जगतगुरु स्वामी श्री रामभद्राचार्य जी महाराज द्वारा विश्व में पहली बार वशिष्ठ रामायण कथा का वाचन किया जाएगा। 20 फरवरी को वशिष्ठ मंदिर में होने वाले मुख्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रत्येक दिवस सायं 6 बजे से राम और राष्ट्र पर आधारित भजनों की प्रस्तुति होगी।
सोमवार को प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए कार्यक्रम संयोजक राना दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि कथा के मुख्य यजमान उद्योगपति श्री चंद्र भूषण मिश्र द्वारा महर्षि वशिष्ठ जी, माता अरुंधति जी एवं भगवान श्रीराम सहित चारों भाइयों के विग्रह जयपुर से बनवाकर 10 फरवरी तक वशिष्ठ आश्रम मंगवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन त्रेता युग से जुड़े बस्ती के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को देश-दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि इस दिव्य महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर महर्षि वशिष्ठ और प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा अर्पित करें तथा बस्ती की माटी के गौरव को वैश्विक पहचान दिलाएं।

No comments:
Post a Comment