महादेवा ( बस्ती )। विकास खण्ड बनकटी क्षेत्र अंतर्गत राज कॉन्वेंट स्कूल बेलराई (बोकनार) परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रवि सोनकर ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात उन्होंने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगीत, देशभक्ति गीत एवं लोकनृत्य ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों पर अतिथियों व अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया।
विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य ज्ञानचंद्र चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और देशप्रेम की भावना बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि थरौली सुनील पांडेय एवं प्रधान प्रतिनिधि बेलराई महाजन प्रसाद द्वारा बच्चों को मिष्ठान्न व पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रत्याशी कोइल यादव, दद्दन उपाध्याय, अमित उपाध्याय, राम शब्द चौधरी, गिरजेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के संस्थापक जयराज ने सभी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाते हुए गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं।

No comments:
Post a Comment