बस्ती। शनिवार को टीचर्स सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) के जिला संयोजक प्रमोद कुमार ओझा के नेतृत्व में टीम के पदाधिकारी हर्रैया तहसील क्षेत्र के कम्पोजिट स्कूल पूरे अवधी में तैनात रहे दिवंगत शिक्षक स्वर्गीय श्रीकान्त उपाध्याय के आवास, विकास कॉलोनी बस्ती पहुंचे। टीम द्वारा आवश्यक अभिलेखों को एकत्र कर उनका परीक्षण किया गया।
अभिलेखों के परीक्षण के उपरांत टीचर्स सेल्फ केयर टीम द्वारा स्वर्गीय श्रीकान्त उपाध्याय के परिजनों को जीवन-यापन हेतु लगभग 55 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर जिला संयोजक प्रमोद कुमार ओझा ने बताया कि टीचर्स सेल्फ केयर टीम शिक्षकों से नाममात्र की राशि लेकर उनके सुख-दुःख में सहयोग करती है और असमय निधन की स्थिति में उनके परिजनों को आर्थिक संबल प्रदान करती है।
जिला प्रवक्ता राजेश कुमार ने बताया कि इस पुनीत कार्य का श्रेय संस्थापक अध्यक्ष विवेकानन्द आर्य तथा सह-संस्थापक सुधेश कुमार पाण्डेय एवं संजीव रजक को जाता है, जिनकी पहल से अनेक शिक्षक परिवारों को 55 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि बस्ती जनपद में टीएससीटी के कुल 6483 सदस्य हैं। अब तक जनपद में 8 शिक्षकों के निधन पर सहायता राशि दी जा चुकी है। वहीं प्रदेश स्तर पर 496 शिक्षकों के निधन पर लगभग 228 करोड़ रुपये का सहयोग प्रदान किया जा चुका है।
अभिलेख एकत्र करने के दौरान सह संयोजक राहुल राव, राकेश कुमार श्रीवास्तव, अमरचन्द वर्मा, सुशील कुमार पाण्डेय, विन्ध्येश्वरी मिश्र, मधुकर उपाध्याय तथा आईटी सेल के प्रांतीय प्रभारी अमरचन्द्र वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment