वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव के निर्देशन में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘कर्मचारी कल्याण निधि’ के अंतर्गत धार्मिक नगरी अयोध्याधाम में एक दिवसीय भ्रमण शिविर का आयोजन किया गया।
इस भ्रमण शिविर में गोरखपुर परिक्षेत्र के यांत्रिक/कैरेज एंड वैगन, वाणिज्य, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा विद्युत (लोको शेड) विभागों में कार्यरत 51 महिला रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने मण्डल के रामघाट हाल्ट रेलवे स्टेशन का अवलोकन किया तथा राम मंदिर अयोध्या एवं हनुमानगढ़ी मंदिर के दर्शन किए। इस दौरान उन्हें समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हुआ। सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं उपहार भी प्रदान किए गए।
भ्रमण शिविर का उद्देश्य महिला कर्मचारियों को दैनिक कार्यों की व्यस्तता से अलग एक सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराना था।
यात्रा के दौरान महिला कर्मचारियों की सुविधा और सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए। मंडल प्रशासन की ओर से मुख्य हित निरीक्षक मनीष कुमार श्रीवास्तव एवं संजय द्विवेदी की उपस्थिति में पूरे कार्यक्रम की सुव्यवस्थित योजना बनाकर इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

No comments:
Post a Comment