वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जनपद के पैकोलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुर्दा होरी टोला में एक सौतेली माँ द्वारा अपनी ढाई वर्षीय मासूम पुत्री की निर्मम पिटाई का मामला सामने आया है। इस संवेदनशील प्रकरण पर न्याय पीठ बाल कल्याण समिति ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है। समिति के अध्यक्ष प्रेरक मिश्रा एवं उनकी टीम ने आरोपी माँ को न्याय पीठ के समक्ष प्रस्तुत करने का आदेश पैकोलिया पुलिस को दिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी राम प्रसाद ने पहली पत्नी के निधन के बाद दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी की मृत्यु के समय उनकी बेटी महज एक माह की थी। वर्तमान में राम प्रसाद रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं, जबकि घर पर उनकी दूसरी पत्नी और बच्ची रहती है। पड़ोसियों के मुताबिक, सौतेली माँ का बच्ची के प्रति व्यवहार पहले से ही ठीक नहीं था।
बताया जा रहा है कि बच्ची द्वारा कपड़ों में शौच कर देने से नाराज होकर सौतेली माँ ने उसे इतनी बेरहमी से पीटा कि उसका होंठ फट गया और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान उभर आए। इतना ही नहीं, उसने बच्ची का इलाज कराने की भी कोशिश नहीं की। बाद में पड़ोसियों ने मानवता दिखाते हुए बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया।
मामले की जानकारी मिलने पर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रेरक मिश्रा, सदस्य अजय श्रीवास्तव, डॉ. संतोष श्रीवास्तव और मंजू त्रिपाठी ने बैठक कर प्रकरण का स्वतः संज्ञान लिया। समिति ने पैकोलिया थानाध्यक्ष को पत्र भेजकर निर्देशित किया है कि मासूम बच्ची एवं आरोपी सौतेली माँ को 9 अप्रैल को न्याय पीठ के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।
अध्यक्ष प्रेरक मिश्रा ने कहा कि यह अत्यंत संवेदनशील मामला है और बच्ची का सर्वोच्च हित समिति की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ने पर आरोपी माँ के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।

No comments:
Post a Comment