वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश के क्रम में जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत बुधवार को बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की गई।
जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र–2 मेहदावल बसंत प्रसाद के नेतृत्व में, मय स्टाफ तथा थाना मेहदावल पुलिस टीम के साथ ग्राम भिडौरा पिकौरा एवं आसपास के क्षेत्रों में संयुक्त दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान गांव के सुनसान स्थानों एवं संभावित ठिकानों की गहन तलाशी ली गई, जिसमें अवैध रूप से तैयार किया जा रहा करीब 50 किलोग्राम महुआ लहन बरामद हुआ।
आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए बरामद महुआ लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया तथा एक अभियोग पंजीकृत किया गया। इस कार्रवाई से अवैध कच्ची शराब के निर्माण की कोशिशों को पूरी तरह विफल कर दिया गया। अचानक हुई छापेमारी से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
संयुक्त टीम की सक्रियता पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर अवैध शराब के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया। साथ ही अपील की गई कि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण या बिक्री होने की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद को अवैध शराब मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में और तेज छापेमारी, गश्त एवं निगरानी की जाएगी। आबकारी विभाग और पुलिस की इस संयुक्त व सख्त कार्रवाई से जहां आम जनता में सुरक्षा और भरोसे की भावना मजबूत हुई है, वहीं कच्ची शराब कारोबारियों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।

No comments:
Post a Comment